छतरपुर। शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में गुरुवार को जमीनी विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प ने इलाके में सनसनी फैला दी। गोलीबारी और लाठी-डंडों से किए गए हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक महिला के पैर में गोली लगी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र के सौंरा गांव की है, जहां सुबह 9 बजे जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में रेखा पटेल (उम्र 28 वर्ष) पति देवेंद्र पटेल, लली पटेल ( उम्र 50 वर्ष) पति प्रेमनारायण पटेल और प्रेमनारायण पटेल ( उम्र 55 वर्ष) पिता भन्ने पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अपने खेत पर ईंट भर रहे थे, तभी आरोपी रामप्रसाद पटेल, शशिकांत, मनीराम उर्फ भूरा, मन्नू बाई, ल?लिता और पुष्पेंद्र पटेल वहां पहुंचे। आरोपियों ने लली और प्रेमनारायण पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसके बाद मनीराम ने लली के ऊपर कट्टे से फायर कर दिया, जिससे गोली लली के पैर में जा लगी। प्रेमनारायण के छोटे बेटे भूपेंद्र को जब यह जानकारी मिली कि लली को गोली लगी है, तो परिजन तत्काल घायलों को अपनी मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल छतरपुर ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायल रेखा पटेल और प्रेमनारायण पटेल ने घटना के संबंध में अपनी बाइट दी, जिसमें उन्होंने हमले की पूरी जानकारी साझा की। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह विवाद जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा था, जो इस हिंसक घटना में बदल गया।










