छतरपुर। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवपुर में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच मामूली सी बात पर हुआ विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक जा पहुंची। एक पक्ष के 4 लोगों ने मिलकर दूसरे पक्ष की दो महिलाओं सहित तीन लोगों के साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट करने वालों ने हवाई फायरिंग भी की। पीडि़त पक्ष की रिपोर्ट पर नौगांव पुलिस ने 4 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरु की है।
देवपुर निवासी 31 वर्षीय नाथूराम उर्फ नत्थू पाल ने बताया कि वह अपने नवनिर्मित मकान की तराई कर रहा था, वहीं पास में उसके चाचा प्यारे लाल पाल का भूसा रखा था जिस पर थोड़ा पानी गिर गया था। भूसा गीला होने की बात कहते हुए प्यारेलाल पाल ने विवाद शुरु कर दिया। नाथूराम के मुताबिक इसके बाद जब वह गांव में एक दुकान पर जा रहा था तभी उसके चचेरे भाई दिनेश पाल ने उसे अपनी बाईक से टक्कर मार दी। इतना ही नहीं जब वह घर पहुंचा तो प्यारेलाल पाल, दिनेश पाल, कली पाल और धर्मेन्द्र पाल ने घर में घुसकर मारपीट तथा हवाई फायरिंग भी की। नाथूराम ने बताया कि मारपीट में उसके अलावा उसकी पत्नी बसंती पाल और मां जमुनिया पाल घायल हुई हैं। नाथूराम की शिकायत पर नौगांव पुलिस ने प्यारेलाल पाल, दिनेश पाल, कली पाल और धर्मेन्द्र पाल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं घायल नाथूराम, बसंती और जमुनिया का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।









