
टीकमगढ़। भारतीय खेल प्राधिकरण ट्रेनिंग सेंटर टीकमगढ़ द्वारा फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया गया। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल की थीम पत्रकार एवं मीडिया पर आधारित रही। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम ससत्या, वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप खरे, देवेश चंदेल, पी. प्रसन्ना कुमार, प्रियंक खरे, प्रिंस सेन, अनूप मंडल, कु. कृतिका चंद्रा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग टीकमगढ़ के खेल शिक्षक अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पुलिस लाईन पर साईकिल रैली को वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप खरे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बताया गया है कि अतिथियों ने फिटनेस जागरूकता एवं वातावरण सुरक्षित रखने के लिए जन साधारण से अपील की। फिट इंडिया साइकिल रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ की गई। रैली मिश्रा तिराहा, सिंधी धर्मशाला, गांधी चौराहा होते हुए पुलिस लाइन पर समाप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्वक भागीदारी देखने को मिली और लोगों ने इस पहल की सराहना की। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को शारीरिक रूप से फिट एवं स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना है। फि ट इंडिया साप्ताहिक कार्यक्रम प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाता है, ताकि फिटनेस के प्रति जन जागरूकता को बढ़ाया जा सके और नागरिकों को एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। इस अवसर पर शैलेन्द्र द्विवेदी, राकेश सोनी, समीर खान, सुधीर जैन, आशीष द्विवेदी, सूर्य प्रकाश सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देते हुए शरीर का हष्ट-पुष्ट बनाए रखने की अपील अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ससत्या द्वारा की गई। उन्होंने बच्चों से चर्चा करते हुए ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण के दौरान होने वाले अनुभवों की जानकारी ली। बच्चों में उत्साह देखते ही बन रहा था। नन्हें मुन्हें बच्चों का परिश्रम और अभ्यास तारीफ ए काबिल रहा।








