
छतरपुर। शहर के वार्ड नंबर 9 के निवासी लंबे समय से बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। मंगलवार को वार्ड के रहवासियों ने पार्षद सुशील सोनी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने विद्युत विभाग से अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को तत्काल हल करने की मांग की है।पार्षद सुशील सोनी ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बेकार हो रहे हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को खासी परेशानी हो रही है। पार्षद सुशील सोनी ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते वार्ड में ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या आम हो गई है। उन्होंने मांग की कि जर्जर केबलों को बदला जाए और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो रहवासी उग्र प्रदर्शन करेंगे।








