
छतरपुर। जिले के प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र में बीती रात चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बताया गया है कि एक शिक्षक ने अपने छोटे चचेरे भाई पर पिस्टल से गोली चला दी, जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर फरार आरोपी की तलाश शुरू की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात करीब 9 बजे प्रकाश बम्हौरी निवासी शिक्षक प्रहलाद सिंह और उनके चचेरे भाई ओमप्रकाश सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रहलाद, जो ग्राम घटहरी में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं, ने गुस्से में आकर ओमप्रकाश पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने के कारण गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को परिजन इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के महोबा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक ओमप्रकाश खेती-किसानी का काम करता था। थाना प्रभारी सुमित सुमन के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है और फरार आरोपी प्रहलाद की तलाश की जा रही है।








