
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर जिले के सभी थानों में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इसी क्रम में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी और नगर पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा ने गोपालपुरा गांव के ग्रामीणों के साथ संवाद किया।
संवाद के दौरान ग्रामीणों से आपस में अच्छे संबंध और व्यवहार बनाए रखने की अपील की गई। आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस ने वीट प्रभारी, थाना प्रभारी, पुलिस कंट्रोल रूम, पटवारी और तहसीलदार के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए। साथ ही, अपराध से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए पुलिस का व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया, जिसमें सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि इस जन संवाद का उद्देश्य ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। अपराध रोकने के लिए जनता का सहयोग जरूरी है। गोपनीय जानकारी साझा करने वालों का नाम सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। इस अवसर पर सीएसपी अमन मिश्रा, थाना प्रभारी अरविंद दांगी, वीट प्रभारी सहित पुलिस कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








