
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के नेतृत्व में छतरपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा के लिए चक्षु अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य जिले के सार्वजनिक स्थानों, चौराहों, मार्गों और बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना कर निगरानी तंत्र को मजबूत करना है। इससे अपराध की रोकथाम, कानून-व्यवस्था की निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
पुलिस ने प्रतिष्ठित नागरिकों और व्यापारी संघों से संपर्क कर सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता, अपराध रोकथाम में उनकी भूमिका और पुराने मामलों को सुलझाने में उनके महत्व को बताया। जन सहयोग से थाना सिविल लाइन क्षेत्र सहित नगरीय और ग्रामीण इलाकों में 150 से अधिक कैमरे लगाए जा चुके हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारियों ने चौराहों और निकास स्थानों को चिह्नित किया। कैमरों को नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, ताकि मोबाइल फोन के जरिए भी मॉनिटरिंग हो सके। अपराधिक प्रवृत्ति, असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। सहयोग करने वाले नागरिकों और व्यापारियों को पुलिस अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जा रहा है।








