
छतरपुर। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने मंगलवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ईशानगर किरण कौशिक को ज्ञापन सौंपकर ईशानगर में कार्यरत सभी कर्मचारियों के डीए एरियर्स की शेष किश्तों का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।
संघ के जिला सचिव विपिन दीक्षित ने बताया कि मप्र शासन ने अक्टूबर 2024 में शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 4 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 50 प्रतिशत किया था। इसके एरियर्स का भुगतान चार समान किश्तों में सितंबर 2024, जनवरी, फरवरी और मार्च 2025 में करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, ईशानगर विकासखंड के कर्मचारियों को अंतिम दो किश्तों का भुगतान अभी तक नहीं हुआ, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है। संघ ने बीईओ से डीए एरियर्स की राशि शीघ्र भुगतान कराने का अनुरोध किया। बीईओ किरण कौशिक ने आश्वासन दिया कि तीन-चार दिनों में राशि कर्मचारियों के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। वहीं जिलाध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि मप्र राज्य कर्मचारी संघ कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर है और जिले में किसी भी कर्मचारी की जायज समस्या को प्राथमिकता से उठाकर निराकरण कराएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के विभाग प्रमुख अशोक पटैरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र हिंगवासिया, कार्यकारी अध्यक्ष शिवेंद्र कुमार निगम और कोषाध्यक्ष स्वतंत्र त्रिपाठी उपस्थित रहे।








