
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी इन दिनों अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। सोमवार को कर्मचारियों ने केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और छतरपुर विधायक ललिता यादव को ज्ञापन सौंपकर शासन द्वारा किए गए वादों को पूरा कराने की मांग की है। एनएचएम में संविदा कर्मचारी नीरज खरे ने बताया कि शासन ने उनके साथ वादाखिलाफी की है। कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 4 जुलाई 2023 को भोपाल में आयोजित महापंचायत में संविदा कर्मियों के लिए कई घोषणाएं की थीं। इसके बाद 23 जुलाई 2023 को सामान्य प्रशासन विभाग ने संविदा नीति लागू की, लेकिन एनएचएम भोपाल द्वारा घोषित सुविधाओं में कटौती कर दी गई। इसी के विरोध में जिले के सभी संविदा स्वास्थ्य कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने केंद्रीय मंत्री और विधायक से हस्तक्षेप कर उनकी मांगों को पूरा करने की अपील की है।








