
बड़ामलहरा। 30 मार्च से 30 जून तक चलाये जा रहे जल गंगा सम्वर्धन अभियान के अंतर्गत नगर परिषद बड़ामलहरा में जल संरक्षण और हरित क्षेत्रों के विकास तथा उनके उचित रख रखाव के कार्य लगातार किये जा रहे हैं।
इसी के तहत नगर के एकमात्र पार्क हनुमान बाग में साफ सफाई और पेड़ पौधों की कटाई छंटाई का कार्य करवाया गया। पार्क में स्थित कुएँ की भी साफ सफाई कराई गई और आवश्यक मरम्मत कराई गई। बंद पड़े फव्वारे को शीघ्र चालू कराए जाने की भी कार्यवाही की जा रही है। विशेष अभियान चला कर पार्क की बंद पड़ी सभी लाइटों को चालू कराया गया है। पार्क में बच्चों के लिये लगाए गए झूले आदि उपकरणों का भी निरीक्षण कर उनकी आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हनुमान बाग नगर का एकमात्र पार्क है, जहाँ प्रतिदिन सुबह व शाम को काफी संख्या में बच्चे महिलाएं व वृद्धजन सहित नागरिक घूमने आते हैं। पार्क में स्थित ओपन जिम का भी उपयोग युवा वर्ग अपनी फिटनेस और स्वास्थ्य हेतु करते हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी उमाशंकर मिश्र ने ओपन जिम के उपकरणों का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पार्क में एक चौकीदार की तैनाती की गई है।








