
।छतरपुर। बुधवार को जिला मुख्यालय पर निकली एक शव यात्रा इसलिए चर्चा का विषय बन गई क्योंकि शव यात्रा में डीजे के साथ गाजे-बाजे बज रहे थे। दरअसल शहर के बस स्टैंड के पास रहने वाले सुंदर लाल राय की 114 वर्षीय मां मुन्नी देवी का बुधवार को निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार ने उनकी अंतिम यात्रा डीजे और गाजे-बाजे के साथ निकाली।सुंदर लाल राय ने बताया कि उनके पिता केदारी लाल राय का करीब 70 वर्ष पहले निधन हो गया था। पूरे परिवार को पालने-पोषने वाली उनकी मां मुन्नी देवी का जीवनकाल 114 वर्ष रहा और उन्होंने पुत्र-पुत्रियों के साथ-साथ नाती-पोतों तक का विवाह देख लिया। उनकी सफल जीवन यात्रा संपन्न होने के कारण ही परिवार ने उन्हें डीजे और गाजे-बाजे के साथ अंतिम विदाई देने का निर्णय लिया। सुंदर लाल राय के निवास से महोबा रोड के मुक्तिधाम तक उनकी शव यात्रा निकली और इसके बाद उन्हें मुखाग्नि दी गई। सुंदरलाल राय ने यह भी बताया है कि 22 मार्च को मां की त्रयोदशी के दिन ब्राह्मण भोज के साथ-साथ कटनी के कलाकारों की भजन संध्या भी उनके निवास पर आयोजित होगी।









