Home डेली न्यूज़ प्रयागराज पहुंचने के लिए कानून हाथ में ले रहे लोग

प्रयागराज पहुंचने के लिए कानून हाथ में ले रहे लोग

75
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर/हरपालपुर। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को लेकर देश भर के श्रद्धालुओं में इतना उत्साह है कि वे किसी भी हालत में प्रयागराज जाना चाह रहे हैं। आज मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में विशेष स्नान हैं, ऐसे में देश भर के रेलवे स्टेशनों पर लगातार श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। श्रद्धालु किसी भी स्थिति में प्रयागराज जाना चाह रहे हैं, फिर चाहे इसके लिए उन्हें कानून ही क्यों न हाथ में लेना पड़े। मामला छतरपुर जिले का है जहां बीती रात तीन अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर प्रयागराज जा रही ट्रेन के गेट न खुलने पर इंतजार कर रहे लोगों द्वारा पथराव तथा हंगामा किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रात करीब पौने एक बजे इंदौर से प्रयागराज जा रही अंबेडकरनगर-प्रयागराज एक्सप्रेस (14115) छतरपुर स्टेशन पर रुकी लेकिन ट्रेन में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण भीतर मौजूद यात्रियों ने गेट नहीं खोले जिसके बाद स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री भड़क उठे और उन्होंने ट्रेन में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। कुछ यात्रियों ने ट्रेन के सीसे तोड़े तो कुछ ने जमकर पत्थर बरसाए। बताया गया है कि पथराव के चलते ट्रेन के अंदर मौजूद कुछ यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं, इसके साथ ही ट्रेन के अंदर भय का माहौल निर्मित हो गया था। हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिए थे, जो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं। मौके पर आरपीएफ के जवान थे, लेकिन वह उपद्रवियों को कंट्रोल नहीं कर पाए। बाद में स्थानीय पुलिस को बुलाया गया, जिसकी मदद से हालात काबू में आए और करीब 40 मिनट बाद ट्रेन स्टेशन से रवाना हुई। सिविल लाइन थाना प्रभारी वाल्मीक चौबे ने बताया कि छतरपुर स्टेशन पर ट्रेन के गेट न खोले जाने से नाराज लोगों ने पत्थर मारकर तोडफ़ोड़ की है। सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंच गई थी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले उपद्रवी भाग निकले थे। छतरपुर के बाद जब यह ट्रेन खजुराहो पहुंची तो यहां भी इसी तरह का हंगामा हुआ, हालांकि यहां पत्थरबाजी नहीं हुई, लोग सिर्फ गेट खुलवाने के लिए हल्ला-गुल्ला कर रहे थे।
आधी रात को हरपालपुर स्टेशन पर हुआ हंगामा
वहीं दूसरी ओर झांसी से प्रयागराज जा रही एक अन्य स्पेशल ट्रेन के ऊपर हरपालपुर स्टेशन पर पथराव किया गया। बताया गया है कि हरपालपुर में रेल क्रमांक 00200 में गुस्साए यात्रियों ने तोड़-फोड़ की, जिसके बाद लगभग 1 घण्टे तक ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रही। रात करीब डेढ़ बजे ट्रेन को रवाना कराया गया। साथ ही स्टेशन पर जमा भीड़ को सुबह 5:30 दूसरी ट्रेन 00264 से रवाना कराया गया। हरपालपुर थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे हरपालपुर स्टेशन पर हंगामा किया गया, जिसे बाद में हमारी टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस की समझाइश पर लोग शांत हो गए थे। घटना के बाद उत्तरप्रदेश सरकार सहित मध्यप्रदेश का रेल प्रशासन हरकत में आया। हरपालपुर नगर से लगी उत्तरप्रदेश की सीमावर्ती महोबकंठ थाना की पुलिस ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में घटना की जांच शुरु की है। वहीं रेल्वे के अधिकारियों ने हरपालपुर स्टेशन पहुंचकर जायजा लिया।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here