
छतरपुर। विगत रात्रि थाना कोतवाली पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से छतरपुर फव्वारा चौराहा के निकट एक तालाब में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना प्राप्त हुई। आकस्मिक पुलिस सेवा डायल 112/100 एवं चीता मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची। तालाब में डूब रहे व्यक्ति को बचाने के लिए सिटी कोतवाली चीता मोबाइल ड्यूटी में लगे आरक्षक वीरेंद्र सिंह ने त्वरित कार्यवाही करते हुए डूब रहे व्यक्ति को बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। डूब रहे व्यक्ति को तालाब से सुरक्षित निकाला गया। तालाब से निकलने के पश्चात सर्वप्रथम आग जलाकर ठंड से बचाव की व्यवस्था की गई। गीले कपड़े इत्यादि बदलवाए गए। डूब रहा व्यक्ति थाना राजनगर क्षेत्र के पूरा गांव का है, उक्त संबंध में जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक छतरपुर अगम जैन द्वारा तालाब में डूब रहे युवक को बचाने वाले आरक्षक वीरेंद्र सिंह की बहादुरी एवं कर्तव्यनिष्ठता हेतु प्रशंसा कर पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।








