
रोशनी के पर्व दीवाली पर लोगों ने खूब चलाए पटाखे1
छतरपुर। लक्ष्मी की चाह सबको रहती है और दीपावली धन की देवी लक्ष्मी माता को प्रसन्न करने का पर्व है। विगत रोज दीपावली के अवसर पर लोगों ने विधिविधान से पूजा अर्चना की और इसके बाद परंपरागत तरीके से आतिशबाजी की। रात भर आसमान आतिशबाजी से जगमगाता रहा।दीपावली के शुभ अवसर पर शाम 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक विशेष मुहूर्त होने के कारण लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी माता की पूजा की। इसके बाद आतिशबाजी शुरू हुई। आतिशबाजी खुशी को व्यक्त करने का एक माध्यम भी माना जाता है। रात भर न केवल धमाकों की गूंज सुनाई देती रही बल्कि आसमान भी जगमगाता रहा। लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सुबह से ही एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू कर दिया था जो अगले दिन तक चलता रहा। उल्लेखनीय है कि दीपावली में भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करने का विशेष महत्व माना जाता है। दीपावली पर्व मनाने के लिए करीब एक माह पहले से लोग अपने घरों की सफाई शुरू कर देते हैं। आधुनिक बल्वों से लोगों ने अपने घरों को सजाकर पूजा अर्चना की। उधर त्यौहार शांतिपूर्वक सम्पन्न हो इसलिए पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था चौकस रही।









