
कलेक्टर को फरियाद सुनाने पहुंचे ग्रामीण
छतरपुर। सागर-कानपुर हाईवे निर्माण के लिए अधिगृहीत की जा रही किसानों की जमीन के बदले दिए जा रहे मुआवजा में भेदभाव किए जाने की शिकायत बकस्वाहा तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम दरगुवां के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में की है।दरगुवां से आए करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने जनुसनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि सागर-कानपुर हाईवे के निर्माण हेतु उनकी जमीनों को अधिगृहीत किया गया है लेकिन इसके बदले में दी जा रही मुआवजा राशि के आंकड़ों में भिन्नता है। किसानों ने बताया कि एक साथ मौजूद जमीन में से आधे हिस्से का मुआवजा 8 लाख रुपए प्रति एकड़ तथा शेष आधे हिस्से का मुआवजा 4 लाख रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से दिया जा रहा है, जो कि न्याय संगत नहीं है। किसानों ने कलेक्टर को आवेदन देकर एक समान मुआवजा दिलाने की मांग की है।









