
छतरपुर। गौरिहार थाना पुलिस द्वारा एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह तोमर ने बताया कि रोड पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम इटौरा के पास स्थित एक खेत में अवैध हथियार के साथ आरोपी के होने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को पकड़ा है। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 315 बोर का देशी कट्टा व कारतूस मिला। पकड़े गए आरोपी का नाम धर्मेंद्र सिंह निवासी ग्राम घटरा है। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर आयुध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि धर्मेन्द्र सिंह के विरुद्ध चोरी, मारपीट और अवैध हथियार जैसे एक दर्जन अपराध पहले से दर्ज हैं। उसे न्यायालय पेशकर जेल भेज दिया गया है।









