
जिले भर में साढ़े तीन सैकड़ा गंडे-बदमाशों की हुई जांच
छतरपुर। अपराधों पर अंकुश लगाने की मंशा से पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए बीती रात संपूर्ण जिले में कांबिंग गश्त की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने आधा सैकड़ा से अधिक फरार आरोपियों को पकड़ा, साथ ही साढ़े तीन सैकड़ा गंडे-बदमाशों की जांच भी की। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चैकिंग करते हुए अवैध शराब, लिस्टेड गुंडे-बदमाशों, निगरानी बदमाशों की जांच करते हुए वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई लगभग ढाई सौ पुलिसकर्मी शामिल रहे।प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिन आधा सैकड़ा से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनमें थाना कोतवाली के 5 स्थाई वारंटी, थाना नौगाँव के 8 स्थाई वारंटी, थाना बिजावर, सटई, मातगुंवा और महाराजपुर के 2-2 स्थाई वारंटी सहित कुल 26 स्थाई वारंटी और 25 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर अपराधों में फरार 6 वांछित अपराधी भी गिरफ्तार किए गए हैं। इसके अलावा 209 लिस्टेड गुंडों, 92 निगरानी बदमाशों, 41 जेल रिहाई तथा 9 जिला बदर आरोपियों की जांच की गई। थाना नौगांव के 7 प्रकरणों सहित 14 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई एवं एक प्रकरण में थाना बिजावर में जुआ अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। कॉम्बिंग गस्त में जिले के 223 समन और 106 जमानती वारंट तामील किए गए। 176 आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। समस्त थाना क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टैंड, चौराहों, होटल, ढाबा, धर्मशाला इत्यादि स्थानों की चैकिंग कर वाहन चालकों को ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से चैक किया गया।









