
नौगांव। थाना क्षेत्र में अवैध वसूली करने और पैसे न दिए जाने पर मारपीट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध 3 अन्य अपराध पहले से दर्ज हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि गत 8 सितंबर को ग्राम दौनी निवासी अमोल यादव की शिकायत पर विजय पुत्र रामस्वरूप यादव उम्र 48 वर्ष निवासी दौनी के विरुद्ध अवैध वसूली और मारपीट का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। अमोल का आरोप था कि विजय यादव ने पहले उसके भाई को धमकाते हुए पैसे मांगे और जब पैसे नहीं दिए गए तो डंडे से मारपीट की गई। अपराध पंजीबद्ध करने के बाद से लगातार पुलिस आरोपी विजय यादव की तलाश कर रही थी। शनिवार को पुलिस ने विजय यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।









