
छतरपुर। गुरूवार को गढ़ीमलहरा पुलिस ने अवैध वसूली के लिए मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे दो आदतन अपराधियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार करने की कार्यवाही की। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आदतन अपराधियों को 36 हजार रुपए कीमत की 68 लीटर मिरिंडा मसाला एवं देशी जूम अवैध शराब और पल्सर बाईक के साथ बीती रात गश्त के दौरान पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम निक्की उर्फ निखिल चौरसिया तथा बंटी उर्फ राहत खान हैं, जिनके द्वारा 29 मई को एक होटल के कर्मचारी के साथ वसूली करने का प्रयास किया गया था और पैसे न देने पर दोनों ने कर्मचारी के साथ मारपीट भी की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधी निक्की चौरसिया के विरुद्ध 16 तथा बंटी खान के विरुद्ध 4 अपराध पहले से थाने में दर्ज हैं। दोनों अपराधियों को न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी के अलावा उप निरीक्षक आरपी अहिरवार, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र सिंह सेंगर, जनक सिंह, आरक्षक यशवंत पटेल, दशरथ, शनि प्रताप, जुबेर, काशी एवं महिला आरक्षक राधा की मुख्य भूमिका रही।








