Home डेली न्यूज़ हम सब को मिलकर 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है:...

हम सब को मिलकर 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है: वीडी शर्मा

42
0
Jeevan Ayurveda

जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने की पत्रकारवार्ता
छतरपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने गुरूवार को जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब होते हुये कहा कि देश की जजनता ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी वार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा की भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता हर बूथ पर मजबूती के साथ डट गया है। भारत के प्रधानमंत्री ने हम कार्यकर्ताओं को लक्ष्य दिया है कि मध्यप्रदेश के 64523 बूथों में हर बूथ पर इस वार 370 वोट से अधिक हासिल करना है, इसके लिये पार्टी ने 6 अप्रैल को स्थापना दिवस पर पूरे मध्यप्रदेश में एक ही दिन में 4 लाख 83 हजार लोगों को भाजपा की सदस्यता भी दिलाई है।
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दावा किया कि इस बार मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा, उन्होंने कहा कि देश मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत का सपना देख रहा है, हम सब को मिलकर 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाना है। इस संकल्प को पूरा करने और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर डॉक्टर, इंजीनियर भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं। उन्होने कहा कि उनके लोक सभा क्षेत्र के कटनी में कई डाक्टरों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है। श्री शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा में कांग्रेस मैदान छोड़ कर भाग खडी हुई है, गठबंधन के सपा प्रत्याशी ने भी मैदान छोडऩा उचित समझा है। उन्होंने दावे के साथ कहा है कि इस बार टीकमगढ़ लोकसभा भी हम गत चुनाव के मुकाबले अधिक वोटों से जीतेगे।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश से गुलामी के सारे निशान मिटा दिये हैं। इस चुनाव के बाद गुलामी की प्रतीक कांग्रेस का भी अस्तित्व समाप्त हो जायेगा। उन्होंने कहा कि गरीब किसान और महिलाएं भाजपा के पक्ष में हैं, क्योंकि हमारी सरकार ने अपनी नीतियों और जन कल्याणकारी योजनाओं से केवल मध्य प्रदेश में ढाई करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। प्रदेश में जो 16 लाख नए मतदाता हैं, पार्टी उन पर अपना फोकस कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में खजुराहो क्षेत्र को अनेकों सौगातें मिली हैं, जिसमे कटनी और पन्ना को मेडिकल कॉलेज, खजुराहो में आईएमआई का मेडिकल कॉलेज, लवकुशनगर के अस्पताल का उन्नयन, पायलट ट्रेनिंग सेंटर, वंदे भारत ट्रेन आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के भी टेण्डर जारी हो गये हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम, विधायक श्रीमती ललिता यादव, राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष मलखान सिंह सहित अन्य पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
छतरपुर जनपद अध्यक्ष पति ने थामा भाजपा का दामन
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान छतरपुर जनपद पंचायत के अध्यक्ष पति चन्द्रशेखर तिवारी, जनपद सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों सहित लगभग एक सैकड़ा से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस को अलविदा कहते हुए भाजपा का दामन थामा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभी को पार्टी का गमछा पहनाते हुए उनका पार्टी में स्वागत किया।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here