
उत्तरप्रदेश से पकड़ लाई पुलिस, भेजा गया जेल
छतरपुर। वर्ष 2005 में गौरिहार थाना क्षेत्र के मवई घाट में तीन लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की थी। इस प्रकरण के दो आरोपियों को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था किंतु एक आरोपी पिछले 19 वर्षों से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। शनिवार को पुलिस ने उक्त हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाही की गई है।
गौरिहार थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह तोमर ने बताया कि गौरिहार थाना क्षेत्र के देवास ग्राम मवई घाट में मोहन पटेल निवासी ग्राम परसितपुर की वर्ष 2005 में तीन लोगों ने मिलकर हत्या की थी। वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि एक आरोपी राजाबेटा पटेल निवासी माखनपुर थाना कालिंजर जिला बांदा उत्तर प्रदेश 19 वर्षों से फरार चल रहा था। बीते रोज गौरिहार पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर राजाबेटा पटेल को उसके गांव से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त कार्यवाही एसपी द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लवकुशनगर एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई है।








