
गांधी आश्रम में शुरू हुआ प्राकृतिक चिकित्सा शिविर
छतरपुर। प्रतिवर्ष शहर के छत्रसाल चौक के समीप गांधी आश्रम में प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी 8 फरवरी से यहां दो दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हो गया है। यह शिविर देश के जाने-माने प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. सच्चिदानंद नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के पहले दिन योगासन, शरीर शुद्धि क्रिया, नेति, कुंजल, परामर्श और चिकित्सा, स्वास्थ्य चर्चा और सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। डॉ. सच्चिदानंद ने शिविर में आए लोगों को बताया कि हमारा शरीर जल, मिट्टी, अग्रि, आकाश और वायु इन पंचभूतों से मिलकर ही बना है। इस शरीर की सुरक्षा और इसका इलाज भी इन पंचभूतों से किया जाता है जिसे प्राकृतिक चिकित्सा कहते हैं। उन्होंने कहा कि शरीर की शुद्धि से बड़े-बड़े रोगों का निदान किया जा सकता है।गांधी आश्रम की प्रबंधक दमयंती पाणी ने बताया कि यह शिविर सुबह 7 बजे योगासन के साथ प्रारंभ हो जाता है। एक घंटे योग के बाद 8 बजे से नेति और कुंजल के साथ शरीर की शुद्धिक्रिया की जाती है। 9 बजे से 12 बजे तक परामर्श और चिकित्सा दी जाती है। दोपहर ढाई बजे प्रश्नोत्तरी के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य संबंधी सवालों के जवाब दिए जाते हैं। शाम साढ़े 4 से योगासन और शाम साढ़े 5 बजे सर्वधर्म प्रार्थना की जाती है। उन्होंने शहर के लोगों से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।









