
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत दो इनामी आरोपियों को पकडऩे में राजनगर पुलिस ने सफलता प्राप्त की है। 27 सितम्बर 23 को फरियादी ने थाना राजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह राजा मार्केट राजनगर स्थित सर्राफा दुकान पर बैठा था तभी आरोपीपियों ने उसकी दुकान में घुसकर उसके ऊपर कट्टा तानकर दो लाख रूपए की मांग की थी रूपए न देने पर दुकान न चला पाने एवं जान से मारने की धमकी दी थी जिस पर पुलिस ने धारा 452,386,294,506,109,34 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को दो दिन बाद गिरफ्तार कर लिया था जबकि दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे थे। शेष दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन-तीन हजार रूपए का इनाम घोषित किया था। राजनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दविश देकर विगत रोज इनामी आरोपी छोटे राजा उर्फ़ हरी प्रताप सिंह पुत्र मधुकर देव सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी राजा मार्केट राजनगर एवं शनि नामदेव पुत्र बल्लन नामदेव उर्फ देवेंद्र नामदेव उम्र 25 वर्ष निवासी माली मोहल्ला राजनगर को पकडऩे में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।








