
परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप, जांच में जुटी पुलिस
छतरपुर। शाहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुरा का एक युवक पिछले करीब 7 दिनों से लापता था, शनिवार को उक्त युवक का शव जटाशंकर धाम के जंगलों में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। सूचना मिलने के बाद बिजावर एसडीओपी और शाहगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया तथा बिजावर में शव का पोस्टमार्टम किया गया। वहां घटना स्थल पर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शाहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुरा का 32 वर्षीय लल्लू यादव पिछले 7 दिनों से लापता था। परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना शाहगढ़ थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को लल्लू के परिजनों को सूचना मिली कि जटाशंकर धाम में चौपरा के समीप जंगल में लल्लू की लाश फांसी के फंदे पर लटक रही है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिजावर एसडीओपी शशांक जैन, शाहगढ़ थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में लल्लू के शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए बिजावर ले जाया गया। घटना स्थल पर परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का संदेह जाहिर किया। उनका कहना था कि लापता होने से पहले गांव के कुछ लोगों के साथ लल्लू की कहा-सुनी हुई थी और उक्त लोगों ने जान से मारने की धमकी दी थी। एसडीओपी शशांक जैन का कहना है कि परिजनों द्वारा जिन लोगों पर संदेह जाहिर किया गया है उनसे पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट तथा मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।








