
एक दिन में आधा सैकड़ा से अधिक लोगों पर किया हमला,, जिला अस्पताल में लगी घायलों की लाइन
छतरपुर। सोमवार को शहर के बस स्टैंड इलाके में एक पागल कुत्ते ने इस कदर आतंक मचाया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। इस पागल कुत्ते ने दिन भर में आधा सैकड़ा से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया जिसके बाद जिला अस्पताल में घायलों की लाइन लग गई। देर शाम तक जिला अस्पताल में घायलों को रेबीज के इंजेक्शन लगाने का सिलसिला जारी रहा।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बस स्टैंड इलाके में घूमने वाले एक आवारा कुत्ते का पिछले एक-दो दिनों से मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ था। सोमवार को इसी कुत्ते ने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। सोमवार को इस कुत्ते ने दिन भर में आधा सैकड़ा से अधिक लोगों पर हमला किया, जिसके बाद जिला अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन लगवाने वालों की लाइन लग गई। जिला अस्पताल के रेबीज वैक्सीनेशन वार्ड में पदस्थ नर्स पुष्पा भट्ट ने बताया कि सोमवार को दिन भर में करीब 80 मामले सामने आए। 60 मरीज सुबह के वक्त जिला अस्पताल पहुंचे जबकि लगभग 20 मरीज दोपहर से शाम के बीच में आए। उन्होंने बताया कि यह सभी मरीज बस स्टैंड क्षेत्र में कुत्ते द्वारा किए गए हमले से घायल हुए थे। वहां बस स्टैंड पर स्थानीय लोगों द्वारा इस संबंध में नगर पालिका को सूचना दी थी लेकिन शाम तक पागल कुत्ते को पकड़े जाने की कोई पहल नगर पालिका द्वारा नहीं की गई।









