छतरपुर। शहर के व्यस्ततम मार्गों पर नियमों को ताक पर रखकर तीन पहिया वाहनों में लोहे के लंबे-लंबे सरिया लोड कर दौड़ाए जा रहे हैं, जो राहगीरों के लिए चलता-फिरता काल साबित हो रहे हैं। लापरवाही का आलम यह है कि सरिया वाहन की निर्धारित सीमा से कई फीट बाहर निकला रहता है, जिससे पीछे चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की जान पर हर समय खतरा मंडराता रहता है। शहर के पन्ना नाका, डाकखाना चौराहा, चौक बाजार और मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों में ऐसे वाहन बिना किसी रोक-टोक के देखे जा सकते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस और यातायात विभाग द्वारा आए दिन वाहन चेकिंग अभियान का दावा किया जाता है, लेकिन ऐसे जानलेवा लोडिंग वाहनों पर कार्रवाई न होना उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।










