छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में चिन्हित सनसनीखेज जघन्य अपराधों, नार्काेटिक्स एवं सड़क सुरक्षा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में एसपी अगम जैन, एसडीएम मिलिंद नागदेवे, सहायक कलेक्टर आशीष पाटिल, डीपीओ प्रवेश अहिरवार, सीएसपी अरुण सोनी, यातायात प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि अवैध शराब भण्डारण एवं परिवहन पर कार्यवाही करें। साथ ही 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस रहेगा। इस दिन शाम के समय में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं एसपी श्री जैन ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि स्कूल, कॉलेज के आस पास गुटखा, तम्बाकू, सिगरेट, शराब जैसे मादक पदार्थों के बेचने वालों पर कार्यवाही करें। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग को तम्बाकू सेवन के दुष्परिणामों एवं नशामुक्ति के स्कूल, कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को गांजे आदि की खेती करने वाले पर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मरीज से पता करें कि नशीली दवाईयां कहां से प्राप्त होती हैं इसकी जानकरी दें।
ट्रांसपोर्ट नगर से बस स्टैंड तक चौड़ीकरण कार्य दिसम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर श्री जैसवाल ने आईआरएडी एवं ईडीएआर द्वारा प्राप्त जिले के 6 ब्लैक स्पॉट एवं सडक दुर्घटना स्थलों पर निर्माण एजेंसी, राजस्व एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए और दुर्घटना रोकने के लिए कट, डायवर्जन आदि सुधारात्मक सुक्षाव 15 दिन में तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर पालिका छतरपुर को गल्ला मंडी, महलों के पास वाली पार्किंग के लिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही ऑटो ई-रिक्सा की पार्किंग के विकास एवं रूट तैयार करने के लिए नपा, आरटीओ एवं ट्रैफिक अधिकारी को निर्देश दिए। साथ ही नौगांव रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर से बस स्टैंड तक चौड़ीकरण का काम दिसम्बर तक पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। एसपी श्री जैन ने एनएचएआई को मोहारी से सटई घाट के कुछ सेक्सन पर सुरक्षात्मक दृष्टि से संकेतक एवं बैरीकेडिंग करने के निर्देश दिए और चौबे तिगड्डा पर हाई मस्ट लाईट लगाने के निर्देश नपा छतरपुर को दिए।









