नौगांव। थाना क्षेत्र के एक गांव में मकान निर्माण को लेकर मारपीट, तोडफ़ोड़ और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीडि़त ने आरोपियों की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल होने का दावा किया है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम श्यामाझोर निवासी बाबू उर्फ भागचंद कुशवाहा ने बताया कि गांव के ही राकेश कुशवाहा, रामदास कुशवाहा और कल्लू कुशवाहा ने उनके निर्माणाधीन मकान में घुसकर तोडफ़ोड़, मारपीट की है और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने मकान निर्माण बंद करने और गांव छोड़कर चले जाने की चेतावनी दी। भागचंद के मुताबिक इस घटना का वीडियो भी उसके पास है, जिसमें आरोपियों की गुंडागर्दी स्पष्ट दिख रही है। बाबू कुशवाहा ने कहा कि बारिश के मौसम में उनका परिवार मकान में नहीं रह पा रहा है, क्योंकि निर्माणाधीन मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उसने नौगांव थाने में शिकायत की, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।










