बमीठा। थाना क्षेत्र की चंद्रनगर चौकी अंतर्गत शिवराजपुरा गांव में गुरुवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को मृत घोषित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिवराजपुरा के संतोष मास्टर के खेत की टपरिया में बारिश के दौरान रतिराम कुशवाहा (50), करन कुशवाहा (25), गेंदा लाल कुशवाहा (35), हेम सिंह यादव (35) और राममिलन यादव (50) बैठे थे, तभी आकाशीय बिजली गिरी। राममिलन यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को फोरव्हीलर से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राममिलन को मृत घोषित किया। घायलों का इलाज जारी है। बमीठा टीआई अशतोष श्रोत्रिय और चंद्रनगर चौकी प्रभारी शैलेंद्र चौरसिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।










