Home डेली न्यूज़ पटवारी और उसके दोस्त की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी



पटवारी और उसके दोस्त की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी

33
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र की चंद्रनगर चौकी अंतर्गत सूरजपुरा गांव में एक पटवारी और उनके दोस्त की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया गया है कि दोनों के शव खेत में पड़े मिले हैं। मृतकों के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है, जबकि पुलिस प्रारंभिक जांच में आकाशीय बिजली को मौत का कारण मान रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल और राजनगर अस्पताल भेजा गया। वहीं घटना की सूचना पर राजनगर विधायक भी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस, एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सूरजपुरा निवासी पटवारी प्राण सिंह आदिवासी (50 वर्ष) गांव के ही रहने वाले अपने दोस्त छन्नू यादव (45 वर्ष) के साथ गुरुवार की शाम को खेत पर गए थे, लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के फोन बंद थे। शुक्रवार की सुबह जब प्राण सिंह का पुत्र खेत पर पहुंचा तो, दोनों के शव पड़े मिले। इसके बाद प्राण सिंह को निजी वाहन से तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई, जबकि छन्नू का शव पुलिस ने खेत से उठाया।
पुत्र ने किया हत्या होने का दावा
मृतक प्राण सिंह के पुत्र कमलेश आदिवासी ने बताया कि उनके पिता राजनगर तहसील के उमरिया हल्का में पटवारी थे और हाल ही में बकस्वाहा तबादले के बाद ज्वाइन कर चुके थे। गुरुवार शाम को वे रोज की तरह खेत पर गए थे, साथ में छन्नू यादव भी थे। रात तक दोनों घर नहीं लौटे और उनके फोन बंद थे। मौसम खराब होने के कारण परिजनों ने रातभर इंतजार किया। शुक्रवार सुबह कमलेश खेत पर पहुंचे तो दोनों के शव पड़े मिले। प्राण सिंह को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि की। छन्नू की मौत स्पष्ट होने के कारण उनका शव खेत पर ही रहा, जिसे बाद में पुलिस ने उठाया। कमलेश ने बताया कि प्राण सिंह के गले पर निशान और छन्नू के कान व पैरों पर खून के निशान थे, जो मारपीट और हत्या की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता को प्रशासनिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था, पिछले एक साल में उनका तीन बार तबादला किया गया। वहीं मृतक प्राण सिंह की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती आदिवासी ने कहा कि उनके पति का तबादला राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया के दबाव में बकस्वाहा किया गया था। बकस्वाहा में उन्होंने ज्वाइन भी कर लिया था। पार्वती ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि उनके पति के गले पर निशान और छन्नू के शरीर पर खून के निशान साफ तौर पर मारपीट का संकेत देते हैं।
एएसपी ने कहा- आकाशीय बिजली से मौत की संभावना
वहीं इस मामले में एएसपी विदिता डागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आकाशीय बिजली से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, परिजनों के हत्या के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है, जो बारीकी से जांच कर रही है। प्राण सिंह का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में और छन्नू का पोस्टमार्टम राजनगर अस्पताल में किया गया। एएसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here