छतरपुर। छतरपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष के डस्टबिन में बियर की कैन मिलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष के डस्टबिन में बियर की कैन साफ दिखाई दे रही है। इस खुलासे से यह सवाल उठ रहा है कि इमरजेंसी कक्ष जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बियर की कैन कैसे पहुंची। वीडियो के सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था और कर्मचारियों की जिम्मेदारी पर भी चर्चा तेज हो गई है। जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने वीडियो की जांच के आदेश दे दिए हैं और आश्वासन दिया कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









