
छतरपुर। एक विवाहिता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेजन मामला सामने आया है। मायके और ससुराल पक्ष के बीच मृत्यु को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि मायके जाने के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। मृतका की तबीयत बिगडऩे के बाद उसे कई अस्पतालों में रेफर किया गया, लेकिन अंतत: उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार मूल रूप से महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुडऱख की रहने वाली सोनम कुशवाहा 22 वर्ष अपने पति रोहित कुशवाहा के साथ बगौता में रोहित के मामा के यहाँ रहती थी। 21 मई को सोनम ने मायके जाने की बात कही, जिसे लेकर रोहित से उसका विवाद हुआ। रोहित ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन सोनम नहीं मानी और मायके चली गई। इसके बाद रोहित और उसके परिजनों को सूचना मिली कि सोनम की तबीयत बिगडऩे के कारण उसे नौगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहाँ से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ वह 22 और 23 मई को भर्ती रहीं। रोहित के परिजनों के अनुसार, 23 मई को डिस्चार्ज होने के बाद सोनम की माँ हल्ली कुशवाहा उसे नौगांव ले गईं। नौगांव में उसकी हालत फिर बिगड़ गई। उसे दोबारा जिला अस्पताल लाया गया, फिर झाँसी, ग्वालियर और भोपाल एम्स के लिए रेफर किया गया। 26 मई को भोपाल ले जाते समय रास्ते में सोनम की मौत हो गई। 27 मई को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। सोनम की माँ हल्ली कुशवाहा ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि मायके जाने के बाद सोनम ने अज्ञात जहरीला पदार्थ खाया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जाँच शुरू कर दी है।








