
खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया शुभारंभ1
छतरपुर। विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरूवार की शाम पद्मभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध अभिनेता स्व. राजेश खन्ना को समर्पित दसवें खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस मौके पर उनके साथ खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक अरविंद पटैरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्यपाल श्री पटेल द्वारा अभिनेता मुकेश खन्ना, दीपक पाराशर, संजीवनी भेलंदे, चिंतन बाकी वाला, स्वीडन से आईं क्रिस्टीना नेने, लंदन से आईं अंजली पोल, विश्वास कुमार भटेले, डायरेक्टर एएसआई डॉ. शिवाकांत बाजपेई, अतुल मलिक राम को मेडल और शॉल से सम्मानित किया गया। तत्पश्चात छत्तीसगढ़ के लोकनृत्य और बुंदेलखंड के बधाई नृत्य कि प्रस्तुति हुई। साथ ही फिल्म जगत के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी गई।राज्यपाल श्री पटेल ने फिल्म महोत्सव की प्रशंसा करते हुए कहा देश विदेश से आए फिल्म निर्माण से जुड़े प्रसिद्ध निर्देशक, लेखक, संगीतकार, गीतकार एवं अभिनेताओं से स्थानीय कलाकारों का संवाद लगातार दस वर्षों से कराया जा रहा है। इसी समारोह से स्थानीय युवाओं और कलाकारों को जोडऩे की यह पहल फिल्म निर्माण के क्षेत्र में रोजगार और व्यवसाय के नए अवसरों का निर्माण करेगी। सिनेमा ऑडियो वीडियो की सम्मिलित विधा होने के कारण व्यक्ति के दिल और दिमाग पर गहरा प्रभाव डालता है। आधुनिक सूचना क्रांति के दौर में सिनेमा की शक्ति बहुत बड़ी है। वह थियेटर से निकलकर आज हर व्यक्ति के मोबाइल तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और आत्मबल से भावी पीढ़ी को परिचित कराने में सिनेमा बहुत अधिक प्रभावी योगदान दे सकता है। हमारे देश की आजादी का आंदोलन महान बलिदान और त्याग करने वाले असंख्य महापुरुषों की गाथाओं से भरा पड़ा है। जिसमें सिनेमा इनकी कहानियां बताने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गोंडवाना के राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमानायक, रानी दुर्गावती और टंट्या भील जैसे अमर शहीदों के त्याग और बलिदान की गाथाएं मध्यप्रदेश के लोगों के दिलों में बसी हुईं हैं। उन्होंने सभी सम्मानित विभूतियों को बधाई देते हुए स्वस्थ सुखी जीवन की कामना की। सांसद श्री शर्मा ने कहा राज्यपाल जी के निरंतर प्रोत्साहन से इस समारोह को सफलता मिलती है। जितने भी कलाकार इसमें सम्मिलित होते है। उन्हें भी अपनी कला निखारने का मौका मिलता है और दुनिया की इस आइकॉनिक सिटी खजुराहो को जी 20 में आए लोगों द्वारा विश्व पटल पर सराहा और इसे फिल्म सिटी के रूप में स्थापित करने के प्रयास जारी है। प्रशासन के समन्वय से खजुराहो को और ऊंचाइयों को ले जाकर बड़े अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में सागर कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी ललित शाक्यवार, एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, कुलगुरु शोभा तिवारी, एडीएम मिलिंद नागदेवे, एसडीएम बलवीर रमन सहित अन्य अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।









