
रविवार को खजुराहो पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तथा क्षेत्रीय सांसद वीडी शर्मा ने पिछले दिनों छतरपुर में हुई पत्थरबाजी की घटना पर प्रतिक्रिया दी है। श्री शर्मा ने कहा कि थाने के ऊपर किए गए पथराव करना खुलेआम कानून को चुनौती देना जैसा था। हमारे सुरक्षा तंत्र को भेदने का प्रयास करना निश्चित तौर पर सुनियोजित षडयंत्र है। उन्होंने कहा कि जिस घटना को लेकर मुस्लिम समाज द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था उसका छतरपुर तो छोडि़ए मध्यप्रदेश तक से कोई संबंध नहीं था, बावजूद इसके समाज का हिंसक होना कई तरह के सवाल खड़े करता है। यही कारण है कि घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं मामले को संज्ञान में लेकर ऐसी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जो लोगों के लिए सबक बने। उन्होंने छतरपुर पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की है। इसके अलावा वीडी शर्मा ने असदुद्दीन ओवैसी और प्रियंका गांधी द्वारा कार्रवाई पर ट्वीट के माध्यम से खड़े किए गए प्रश्नों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सहित कुछ तथाकथित लोग तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी की पूरी घटना की गंभीरता से जांच की जाएगी।प्रियंका गांधी ने कहा- आरोपी का घर ढहा देना न्याय नहींकांग्रेस की राष्ट्रीय नेत्री प्रियंका गांधी ने छतरपुर की घटना को लेकर एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि- अगर कोई किसी अपराध का आरोपी है तो उसका अपराध और उसकी सजा सिर्फ अदालत तय कर सकती है, लेकिन आरोप लगते ही उसके परिवार को सजा देना, उनके सिर से छत छीन लेना, आरोपी का घर ढहा देना न्याय नहीं है। यह बर्बरता और अन्याय की पराकाष्ठा है।मल्लिकार्जुन खडग़े ने छतरपुर पुलिस की कार्रवाई को बताया निंदनीयकांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने छतरपुर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को निंदनीय बताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि – किसी का घर तोडऩा और उसके परिवार को बेघर करना अमानवीय और अन्यायपूर्ण है। भाजपा शासित राज्यों में अल्पसंख्यकों को बार-बार निशाना बनाया जाना बेहद परेशान करने वाला है। कांग्रेस ऐसी कार्रवाई की निंदा करती है। अपराधों का फैसला अदालतों में होना चाहिए न कि राज्य प्रायोजित दबाव से।








