
खजुराहो। आचार्य विद्यासागर के समाधिस्थ होने के बाद उन्हीं की पीठ के प्रथम पट्टाचार्य आचार्य समयसागर महामुनिराज का प्रथम वर्षायोग (चातुर्मास) श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र स्वर्णोदय तीर्थ खजुराहो में होने की संभावना है। क्षेत्र के मंत्री राकेश जैन ने बताया कि वैसे तो संतों के चातुर्मास कहाँ होगा इस बारे में अंतिम समय तक कुछ कहा नहीं जा सकता, किंतु फिर भी जिस मार्ग पर महाराजश्री का विहार चल रहा है, उससे यह अनुमान है कि आचार्य का प्रथम चातुर्मास खजुराहो में होगा। गौरतलब है कि आचार्यश्री के संघ में 1 आचार्य, 14 मुनि, 9 क्षुल्लक सहित कुल 24 संत हैं जो दो दिन पूर्व सिद्धक्षेत्र कुंडलपुर से विहार करते हुए हटा-मडिय़ादो मार्ग पर गतिमान हैं। अनुमान है कि आचार्य संघ किशनगढ़, देवरा, अमरोनियां, झमटुली बमीठा होते हुए खजुराहो पहुंचेंगे। अगर आचार्यश्री का चातुर्मास खजुराहो में होता है तो इससे खजुराहो के पर्यटन व्यवसाय में भी इजाफा होगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में आचार्य विद्यासागर का चातुर्मास खजुराहो में हुआ था, तब देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग खजुराहो पहुंचे थे।








