
मायके पक्ष ने लगाए प्रताडऩा के आरोप
छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम खरका से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बताया गया है कि यहां एक महिला ने अपनी दो साल की अबोध बच्ची के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरूवार के दोपहर में तब हुई, जब घर के अन्य सभी सदस्य खेत पर गए हुए थे। जब महिला का ससुर घर आया तब घर के लोगों को इसकी जानकारी लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपनी मौजूदगी में शवों को फंदे से नीचे उतरवाया था। मंगलवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। वहीं महिला के मायके वालों ने सास और दामाद पर प्रताडऩा के आरोप लगाए हैं।
ग्राम खरका निवासी घमंडी रैकवार ने बताया कि गुरूवार को वह अपने पुत्र अशोक रैकवार और पत्नी फूलवती रैकवार के साथ खेत पर गया था। घर में उसकी बहू रामसखी रैकवार उम्र 25 वर्ष और उसकी 2 साल की बेटी बबीता रैकवार थी। दोपहर में जब वह पानी के लेने के लिए खेत से घर आया तो घर के सभी दरवाजे बंद थे। काफी देर तक वह बहू को आवाज लगाता रहा लेकिन जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो उसने एक लड़के को छत के रास्ते घर के अंदर भेजा। अंदर से दरवाजे खुलने के बाद जब वह घर में पहुंचा तो कमरे में उसने अपनी बहू रामसखी को नातिन बबीता के साथ फांसी के फंदे पर लटका पाया। घमंडी ने तत्काल पुलिस और घर के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। साथ ही रामसखी के मायके वालों को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मंगलवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
मायके के लोगों ने लगाए प्रताडऩा के आरोप
जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतिका रामसखी के भाई पुष्पेन्द्र रैकवार और मां श्रीमती विनोद रैकवार निवासी ग्राम बारी ने आरोप लगाया कि रामसखी का पति अशोक रैकवार और सास फूलवती रैकवार द्वारा पिछले कई दिनों से प्रताडि़त किया जा रहा था, जिसको लेकर पूर्व में पंचायत भी हो चुकी है। वहीं रामसखी की बड़ी बहन हरबाई रैकवार ने आरोप लगाया है कि अशोकर रैकवार का किसी और लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिस कारण से वह रामसखी को छोडऩा चाहता था। इसी प्रताडऩा के चलते रामसखी ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।








