छतरपुर। बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे स्वामी विवेकानंद नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी गंभीर समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। छात्रों ने कलेक्टर से अपील की कि उनके कॉलेज को अभी तक इंडियन नर्सिंग काउंसिल की मान्यता नहीं मिली है, जबकि जिले के अन्य नर्सिंग कॉलेजों को यह मान्यता प्राप्त हो चुकी है।विद्यार्थियों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा ढ्ढहृष्ट मान्यता प्राप्त करने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस कारण उनका शैक्षणिक प्रमाणपत्र और भविष्य दोनों खतरे में पड़ गए हैं। छात्रों ने बताया कि मान्यता न मिलने से उनकी डिग्री की वैधता पर सवाल उठ रहे हैं और नौकरी के अवसर भी प्रभावित हो सकते हैं।इसके अलावा छात्रों ने छात्रवृत्ति के मुद्दे पर भी गंभीर शिकायत की। उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक छात्रवृत्ति का कोई लाभ नहीं मिला है, जबकि जिले के अन्य नर्सिंग कॉलेजों के छात्रों को इसकी राशि मिल चुकी है। कई दिनों से कॉलेज प्रबंधन से इस संबंध में शिकायत और मांग रखी जा रही है, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मजबूर होकर छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर से सीधे हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई।प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने मांग की कि जल्द से जल्द उनके कॉलेज को ढ्ढहृष्ट की मान्यता दिलाई जाए और लंबित छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। छात्रों का कहना है कि उनकी पढ़ाई पूरी हो चुकी है या चल रही है, लेकिन बिना मान्यता और छात्रवृत्ति के उनका पूरा भविष्य अनिश्चित हो गया है।










