छतरपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था संगम सेवालय द्वारा एक भव्य महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित करना था। समारोह में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 35 महिलाओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया रहीं। इसके साथ ही ब्रह्मकुमारी आश्रम से बहन रीना और बहन कल्पना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और महिला शक्ति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।मुख्य अतिथि ज्योति चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से समाज को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संगम सेवालय द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों और महिलाओं को प्रोत्साहित करने की पहल की सराहना की। ब्रह्मकुमारी आश्रम से आईं बहन रीना और बहन कल्पना ने महिला सशक्तिकरण और आध्यात्मिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब महिलाएँ आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ती हैं तो परिवार और समाज दोनों का विकास होता है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर संगम सेवालय के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह भी उसी प्रयास का एक हिस्सा है, जिसके माध्यम से समाज में सकारात्मक कार्य करने वाली महिलाओं को मंच प्रदान किया गया।कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 35 महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ सम्मानित महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विपिन अवस्थी, अंजू अवस्थी, शंकर लाल सोनी, संजय शर्मा, प्रकाश जैन, दीपु चतुर्वेदी, के.एन. सोमन, विमला सोमन, धीरज चतुर्वेदी, नीलम पांडेय, दिल्ला राम और नीतू सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










