खजुराहो। महाशिवरात्रि मेले के दूसरे दिन आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ने दर्शकों को देर रात तक अपनी जादुई छाप छोड़ते हुए बांधे रखा। हास्य, वीर और श्रृंगार रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को काव्य की मधुर सुगंध से महकाने का काम किया।वीर रस के प्रसिद्ध कवि अनिल तेजस्व (जतारा) ने अपनी जोशीली रचनाओं से माहौल में जोश भर दिया। अंकिता शुक्ला (लखनऊ) ने श्रृंगार रस की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रोताओं के दिल जीत लिए, वहीं शिखा सिंह उर्जिता (आगरा) ने वीर रस के माध्यम से उत्साह का संचार किया। राजस्थान के हरीश हंगामा और बुंदेली हास्य के मशहूर कवि अजय मोहन तिवारी ने व्यंग्य और हास्य से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इंदौर के जसवेंद्र सिंह बुंदेला ने गीतों के जरिए लोकभावनाओं को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया।स्थानीय कवियों ने भी अपनी अलग पहचान बनाई। खजुराहो के राजीव शुक्ला और प्रवेश तिवारी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संयोजन इंद्रजीत दीक्षित ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि संचालन अभिषेक अरजरिया ने अपनी प्रभावशाली शैली से पूरे आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।इस अवसर पर राजनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद पटेरिया, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू अवस्थी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी तथा उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्रीमती बिट्टी बाई आशाराम पाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।










