छतरपुर। क्षेत्र में जमीनी विवादों की शिकायतों के त्वरित निपटारे हेतु जिला छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशानुसार छतरपुर जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा जमीनी विवादों के समाधान हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में छतरपुर मुख्यालय अंतर्गत तीनों थाना कोतवाली, सिविल लाइन एवं ओरछा रोड संबंधी प्रकरणों का थाना ओरछा रोड में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी, एसडीएम अखिल राठौर, तहसीलदार पीयूष दीक्षित, नायब तहसीलदार आस्था चौबे, नायब तहसीलदार रितु सिंघई, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक सतीश सिंह, थाना प्रभारी ओरछा रोड उप निरीक्षक दीपक यादव एवं राजस्व निरीक्षक तथा क्षेत्र के विभिन्न हल्का पटवारी, सरपंच उपस्थित रहे।शिविर में क्षेत्र वासियों ने पहुँचकर अपनी भूमि एवं प्लाट संबंधी शिकायतें प्रस्तुत कीं। पुलिस एवं राजस्व विभाग के संयुक्त टीम ने 50 से अधिक प्रकरणों में 200 से अधिक उपस्थित व्यक्तियों की कृषि भूमि, प्लाट, आपसी बंटवारे, सीमांकन जैसी समस्या की सुनवाई की एवं काफी प्रकरणों का निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों में निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।










