छतरपुर। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर आज पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनचेतना जगाने के लिए संगम सेवालय द्वारा एक प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था ने कला और संस्कृति को माध्यम बनाकर नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों से आगाह किया और पौधारोपण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील भी बनाया।जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत एक सशक्त नुक्कड़ नाटक मुख्य आकर्षण रहा। इस नाटक के माध्यम से यह दर्शाया गया कि कैसे प्लास्टिक का उपयोग मानव स्वास्थ्य, बेजुबान पशुओं और जल स्रोतों के लिए काल बन रहा है। इसके साथ ही, दो मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए हरियाली और वृक्षारोपण के महत्व को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया। बच्चों के जीवंत अभिनय को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया, डॉ. एच.एन. खरे, सुरेंद्र अग्रवाल, रामकिशोर अग्रवाल, हरि अग्रवाल, लखनलाल अग्रवाल, संतोष गंगेले और प्रकाश जैन मौजूद रहे। नगरपालिका अध्यक्ष ने संगम सेवालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए बच्चों के माध्यम से दिया गया यह संदेश अत्यंत प्रभावशाली है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग न करने और कम से कम एक पौधा लगाने व उसकी देखभाल करने की शपथ दिलाई गई। संगम सेवालया के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी सामाजिक और पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियान जारी रखने का संकल्प दोहराया।










