छतरपुर। जिला शिक्षा केंद्र छतरपुर द्वारा लीप फॉरवर्ड संस्था के सहयोग से स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय के सभागार में इंग्लिश लिटरेसी प्रोगाम अंतर्गत सक्रिय शिक्षकों हेतु जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें जिले के अंग्रेजी विषय के 27 प्राथमिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के पूर्व लीप फॉरवर्ड संस्था की ओर से पायल अंजेकर एवं मीनाक्षी देशमुख ने शिक्षकों का ओरिएंटेशन कर अंग्रेजी को आनंददायक तरीके से पढ़ाने हेतु महत्वपूर्ण टिप्स दिए।ऑनलाइन प्रशिक्षण में शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता के आधार पर सबसे सक्रिय बड़ा मलहरा एवं बारीगढ़ विकासखंड के बीआरसीसी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किये और बच्चों को अंग्रेजी विषय को आनंददायक तरीके से पढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही अन्य शिक्षकों को भी निहार शांति पाठशाला-फनवाला से जोडऩे हेतु आश्वस्त किया। शिक्षकों को सम्मानित करने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अरुण शंकर पांडे ने कहा कि-पुरस्कार हमें प्रसन्नता देता है परंतु जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है कि जिस कार्य के लिए हमें पुरस्कार मिला है उस कार्य को अनवरत सक्रिय रूप से करते रहें। कार्यक्रम को डाइट प्राचार्य आरके वर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के संयोजक एपीसी एकेडमिक नीरज खरे ने कहा की प्रदेश के 10 जिलों में सक्रिय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए संस्था ने छतरपुर जिले को चुना, इसके लिए हम संस्था के आभारी हैं। निश्चित तौर पर संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री शिक्षकों और बच्चों के लिए लाभदायक है और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता से हम अंग्रेजी विषय के में जिले के बच्चों को सुगमता से सीखने हेतु अग्रसर होंगे। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले शिक्षकों के साथ ही डाइट में अंग्रेजी प्रशिक्षक अलका खरे, समस्त बीआरसीसी, ईशानगर बीएसी संजय चतुर्वेदी, सुनीता प्रजापति एपीसी आईईडी दान बहादुर पटेल, जन शिक्षक रुचि सिंह परिहार एवं लीव फॉरवर्ड संस्था से रवि विश्वकर्मा उपस्थित रहे।










