छतरपुर। देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें की भावना को साकार करते हुए हिन्दू राष्ट्र सेवा समिति द्वारा बढ़ती ठंड के मद्देनजऱ जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के तत्वावधान में सोमवार की देर रात लगभग 10 बजे शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर करीब 200 कंबल उन लोगों को वितरित किए गए जो कड़ाके की ठंड से जूझ रहे हैं।हिन्दू राष्ट्र सेवा समिति नगर में सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को लेकर सदैव सक्रिय रही है। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन, डाकखाना पुलिस चौकी के पीछे का क्षेत्र, अटल सभागार, बस स्टैंड क्रमांक-1, बस स्टैंड क्रमांक-2 एवं जिला चिकित्सालय जैसे प्रमुख स्थानों पर देर रात्रि तक कंबल वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में समिति के युवाओं में विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला। युवाओं ने स्वयं आगे बढ़कर जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाए और मानव सेवा का संदेश दिया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आगे भी इसी तरह समाजसेवा के कार्य लगातार किए जाएंगे, ताकि ठंड के मौसम में कोई भी असहाय व्यक्ति परेशानी में न रहे।










