छतरपुर। शहर के नौगांव रोड स्थित डिजिटल कॉलेज वाली गली में संचालित टाइटन आयरन स्क्रैप ट्रेडर्स कबाड़ प्रतिष्ठान पर स्टेट डिपार्टमेंट जीएसटी, मध्यप्रदेश द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। सतना से पहुंची 12 सदस्यीय एसजीएसटी टीम पिछले 24 घंटे से अधिक समय से लगातार मौके पर मौजूद रहकर जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार टीम द्वारा प्रतिष्ठान के कारोबार से जुड़े दस्तावेज़, बिल-बुक, टैक्स रिटर्न, स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान लेन-देन, कर अदायगी और स्टॉक से संबंधित कई बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।स्टेट टैक्स ऑफिसर सुरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि स्क्रैप ट्रेडर्स के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी कि वे नियमानुसार टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। इसी शिकायत के आधार पर जीएसटी संबंधी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह कबाड़ की दुकान से जुड़ा मामला है और 24 घंटे से जांच जारी है। अभी तक दुकानदार द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके हैं। पूरी जानकारी और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही साझा किए जा सकेंगे। फिलहाल एसजीएसटी की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी या अन्य अनियमितताओं को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।










