छतरपुर। कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को शहर में स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 परिसर से किया गया।कैट के जिला अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित सभा में उपस्थित नागरिकों एवं व्यापारियों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा शहर भ्रमण के लिए रवाना हुई। रथ यात्रा उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 से प्रारंभ होकर छत्रसाल चौराहा, चौबे तिराहा, बस स्टैंड एवं चौक बाजार से होते हुए पुन: छत्रसाल चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान लोगों से स्वदेशी उत्पादों के अधिक से अधिक उपयोग एवं विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का आग्रह किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी, संगठन के पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।










