।छतरपुर। जिले में ठंड लगातार अपना असर दिखा रही है। शनिवार रात से शुरू हुआ शीतलहर जैसा मौसम रविवार सुबह और तेज हो गया। सुबह 7 बजे शहर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज ठंड के कारण सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा और लोग मफलर, टोपी व गर्म कपड़ों में ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। अगले सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तेज धूप और साफ आसमान रहा, जबकि सुबह-शाम की ठिठुरन से राहत मिलना मुश्किल दिखाई दे रहा है। रबी फसलों की बुवाई पूरी हो चुकी है और किसान बढ़ती ठंड से खुश हैं। गेहूं की फसल पर सुबह ओस की बूंदें जमना शुरू हो चुकी हैं, जो उत्पादन बढ़ाने में सहायक मानी जाती हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान तापमान फसलों के लिए अनुकूल है।










