छतरपुर। सोमवार को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यकर्ताओं ने बस यात्रियों से नियम विरुद्ध किराया वसूली एवं बसों में हो रही अनियमितताओं के विरोध में आरटीओ कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आरटीओ अधिकारी मधु सिंह को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि बस संचालकों द्वारा मनमाने तरीके से वसूले जा रहे किरायों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
आरटीओ अधिकारी मधु सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कमिश्नर एवं कलेक्टर के निर्देशन में निरंतर बसों की जांच की जा रही है। जिन बसों में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, उनके चालान काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस संचालकों द्वारा अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही की जा रही है। इसी संदर्भ में बस संचालकों की बैठक बुलाई गई है। इससे पहले सितम्बर माह में भी मीटिंग कर सभी को किराए का नोटिफिकेशन समझाया गया था, जिसमें सभी प्रकार की बसों का अलग-अलग किराया निर्धारित किया गया है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही यात्रियों से मनमानी वसूली पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।










