छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में बीती रात दो अज्ञात बदमाशों द्वारा एक घर में घुसकर बच्चे के ऊपर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बच्चे के सिर और पीठ में गंभीर चोट है, जिसके इलाज हेतु उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के लोगों का दावा है कि हमले से कुछ वक्त पहले घर के ऊपर ड्रोन दिखाई दिया था, हालांकि पुलिस ने उनके इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया की रहने वाली चंपा कुशवाहा ने बताया कि बीती रात वह अपने खेत पर बने मकान में 11 वर्षीय पुत्र जुगल कुशवाहा के साथ थी। रात करीब साढ़े 11 बजे जुगल वॉशरूम जाने के लिए उठा और जैसे ही आंगन में पहुंचा उसे दो लोग दिखाई दिए। जब जुगल उन्हें देखकर चिल्लाया तो उक्त लोगों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया और इसके बाद भाग खड़े हुए। चाकू लगने से जुगल के सिर और पीठ में चोट आई है। चंपा ने दावा किया कि घटना से कुछ देर पहले उसने घर के ऊपर ड्रोन देखा था। घायल जुगल को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर जहां ट्रॉमा वार्ड में उसका इलाज किया जा रहा है। इस मामले में बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा बच्चे के ऊपर हमला किए जाने की घटना हुई है, जिसकी विधिवत जांच की जा रही है। परिवार द्वारा ड्रोन दिखाई देने का दावा किया गया है, जिसके कोई सबूत फिलहाल सामने नहीं आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार ड्रोन को लेकर अफवाहों का दौर जारी है जिसके चलते लोग प्रत्येक घटना को ड्रोन से जोड़ देते हैं, लिहाजा पहले ड्रोन संबंधी दावे की बारीकी से जांच की जा रही है।









