छतरपुर। जिले में संचालित निजी शिक्षण संस्थानों द्वारा की जा रही मनमानी और शासकीय विद्यालय के शिक्षकों के अनुचित व्यवहार के विरोध में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच तथा कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमकर नारेबाजी भी की।
विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक राजदीप तिवारी ने बताया कि जिले के निजी हॉस्टल संचालक छात्र-छात्राओं से मनमानी फीस वसूल रहे हैं, जबकि ली जाने वाली राशि के अनुरूप बच्चों को सुविधाएं नहीं दी जातीं। ऐसे में जिला शिक्षा अधिकारी को उनकी जांच करनी चाहिए लेकिन शिक्षा विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। इसी तरह निजी स्कूलों के संचालक भी अभिभावकों से बेतहाशा फीस वसूल रहे हैं। उन्होंने पड़रिया स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा छात्र-छात्राओं के साथ गाली-गलौच की जाती है। उक्त तीनों बिंदुओं की जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया और चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।










