छतरपुर। लखनऊ के एपेक्स कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी की एक प्रतिभाशाली छात्रा को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रथम दीक्षांत समारोह में स्त्री एवं प्रसूति विशेषज्ञता में टॉप करने के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि उनके अथक परिश्रम और संस्थान की उत्कृष्ट शिक्षा का प्रमाण है, जिसने पूर्वांचल के सबसे पुराने फिजियोथेरेपी कॉलेज की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रथम दीक्षांत समारोह में एपेक्स कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के एमपीटी 2022 बैच की छात्रा डॉ. पूजा सिंह चंदेल को विशेष सम्मान मिला। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव मिश्रा और उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की गरिमामयी उपस्थिति में यह समारोह आयोजित हुआ। डॉ. पूजा ने 2022 बैच में स्त्री एवं प्रसूति विशेषज्ञता में प्रथम स्थान प्राप्त कर वाराणसी जनपद का मान बढ़ाया। डॉ. पूजा सिंह चंदेल लखनऊ में डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं और उनके पिता भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। एपेक्स कॉलेज के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह, प्रबंधन, संकाय सदस्यों और सहपाठियों ने डॉ. पूजा को उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की हार्दिक बधाई दी।










